Breaking News

भारत को रूस से समय पर मिलेगा घातक एस-400 मिसाइल सिस्टम, कोविड-19 से नहीं पड़ेगा कोई असर


भारत को रूस से समय पर मिलेगा घातक एस-400 मिसाइल सिस्टम, कोविड-19 से नहीं पड़ेगा कोई असर
रूस में नियुक्त भारत के शीर्ष राजनयिक ने कहा है कि रूस के साथ एस-400 हवाई रक्षा मिसाइल प्रणाली की आपूर्ति सहित सभी बड़े सैन्य अनुबंधों पर अमल तय कार्यक्रम के मुताबिक होगा और कोरोना वायरस महामारी का असर इनकी समय सीमा पर नहीं पड़ेगा।
एस-400 को रूस की लंबी दूरी की सार्वधिक अत्याधुनिक 'सतह से हवा' में मार करने वाली मिसाइल रक्षा प्रणाली के रूप में जाना जाता है। रूसी समाचार एजेंसी तास ने शनिवार (11 अप्रैल) को भारतीय राजदूत बाला वेंकटेश को उद्धृत करते हुए कहा, ''मुझे नहीं लगता कि (महामारी का) कोई असर पड़ेगा। एक-दो हफ्तों का अंतर होगा, लेकिन सभी बड़े अनुबंध तय कार्यक्रम के मुताबिक होंगे, हमें उससे कोई समस्या पेश आएगी।"
गौरतलब है कि भारत ने एस-400 हवाई रक्षा मिसाइल प्रणाली की पांच इकाइयां खरीदने के लिए अक्टूबर 2018 में रूस के साथ पांच अरब डॉलर के एक सौदे पर हस्ताक्षर किया था। ऐसा करने की स्थिति में प्रतिबंधों का सामना करने की अमेरिकी चेतावनी की परवाह नहीं करते हुए भारत ने यह सौदा किया था।
विश्व में कोरोना वायरस से अब तक 1,09,307 लोगों की मौत
वहीं, विश्व में कोरोना वायरस से मरनेवालों की संख्या रविवार (12 अप्रैल) को एक लाख नौ हजार के आंकड़े को पार कर गई। कोरोना वायरस के चलते दुनियाभर में चार अरब से अधिक लोग लॉकडाउन में हैं। आधिकारिक आंकड़ों पर आधारित एएफपी की अंतरराष्ट्रीय समयानुसार आज 11 बजे तक की सूची के अनुसार कोविड-19 महामारी के चलते विश्व में 1,09,307 लोगों की जान चली गई।

No comments