खेत में गुलदार के तीन शावक मिले

खेत में गुलदार के तीन शावक मिले
नगीना। क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर में गुलदार के तीन शावक मिले हैं। ग्रामीणों की सूचना पर गांव में पहुंची वन विभाग की टीम ने शावकों को कब्जे में लेकर वहीं खेत के पास रख दिया। भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष वीर सिंह डबास ने बताया कि अकबराबाद रोड पर स्थित गांव गोविंदपुर में बृहस्पतिवार सुबह अपने खेत पर गए जसवीर प्रधान ने गुलदार के तीन शावकों को देखा। ग्रामप्रधान की सूचना पर उन्होंने यह सूचना वन विभाग को दी। वनरक्षक धर्मेंद्र कुमार, सुनील कुमार व लाल सिंह ने गुलदार के तीनों शावकों को अपने कब्जे में लेकर पास ही के एक खेत में रख दिया। अपनी मौजूदगी में जसवीर प्रधान को शाम तक खेत से गन्ना काटकर ले जाने के लिए बोला गया। वन क्षेत्राधिकारी सामाजिक वानिकी नगीना वीरेंद्र सिंह वोहरा ने बताया कि गांव से सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। गुलदार के तीनों शावकों को वहीं पास के खेत पर रख दिया गया है। उन्होंने बताया कि रात्रि में गुलदार अपने शावकों को उठाने के लिए जरूर आएगी, इसलिए उन्हें वहीं रखा गया है। एहतियात के तौर पर खेत के आसपास कैमरे भी लगा दिए जाएंगे।

No comments