Breaking News

मदद को तोड़ी धर्म की दीवार, मुस्लिम युवती का कराया निकाह

सहारनपुर, जेएनएन। बेहट में मजहबी खाइयों के बीच शिक्षिका रीटा गुप्ता के प्रयास उम्मीद की किरण हैं। एक मुस्लिम युवती, जिसके पिता इस दुनिया में नहीं हैं, उसके लिये शिक्षिका मसीहा बनकर आईं। निकाह कराने में शिक्षिका ने अपना योगदान ही नहीं दिया, बल्कि अन्य शिक्षकों को भी प्रेरित कर शादी की तमाम व्यवस्थाएं कराकर दुल्हन को विदा किया।

बेहट कस्बे के मोहल्ला महाजनान की रहने वाली और प्राथमिक विद्यालय नंबर 1 की शिक्षिका रीटा गुप्ता द्वारा मुस्लिम निर्धन परिवार की लड़की के निकाह को संपन्न कराकर नजीर पेश की गई। शिक्षिका ने सोमवार को हुये इस निकाह कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुये बताया कि इस लड़की के पिता नहीं हैं। 29 मई को इसकी मां उनके पास पहुंची और बताया कि शादी की तारीख एक जून निर्धारित है। वह पहले से ही गरीब है, ऊपर से लॉकडाउन ने रोटी के लाले खड़े कर दिये हैं। ऐसे में शादी कैसे होगी। शिक्षिका का कहना है कि उसके बाद उन्होंने अपने सहयोगी शिक्षकों से इस बारे में बात की। सभी ने 25 हजार रूपये की धनराशि एकत्र की, जबकि शादी में शामिल होने वाले 50 लोगों के खाने की व्यवस्था उन्होंने चेयरमैन अब्दुल रहमान से सहयोग लेकर कराई। इस प्रकार इस लड़की को शादी में गृहस्थी का लगभग सभी सामान दिया गया। इस कार्य के संपन्न होने से उन्हें व उनके सहयोगी शिक्षकों को बड़ी आत्म संतुष्टि मिली है।

No comments