लॉकडाउन में घर आए पति को चोखे में मिलाकर खिलाईं नींद की गोलियां, सोते ही पत्नी ने काट दिया गला
विक्रम नोएडा के सेक्टर-6 में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। लॉकडाउन में घर आ गया। इसके लिए 50 किलोमीटर पैदल भी चलना पड़ा था। उसकी पत्नी रानी की बुआ भी गांव खांडा में रहती है। बुधवार की रात विक्रम खाना खाकर अपनी पत्नी रानी के साथ अपने कमरे में गया। जबकि उसकी मां कृपा देवी मकान के ऊपर बने कमरे में सो रही थी।
विक्रम की मौसी भी गांव में ही रहती है। उसका छोटा भाई मौसी के यहां सो रहा था। रात डेढ़ बजे रानी चीखते हुए दौड़कर सास कृपा देवी के पास पहुंची और बोली कि विक्रम ने फांसी लगा ली है। कृपा देवी ने नीचे आकर देखा तो विक्रम लहूलुहान हालत में पड़ा था। घर में मची चीख-सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठे हो गए। सूचना पर सुबह पहुंची पुलिस ने मुआयना किया। रानी ने फिर से यही बताया कि विक्रम ने फांसी लगाकर जान दी है जबकि उसकी गर्दन लहूलुहान थी।
पुलिस ने शक के आधार पर पहले रानी और फिर उसकी बुआ के लड़के अनिकेत पुत्र धर्मवीर को हिरासत में ले लिया। विक्रम के पिता सुरेंद्र सिंह दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बरहन थाना के प्रभारी ने बताया कि रानी देवी और प्रताप सिंह के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है।


No comments