Breaking News

पनकी में फ्लैट के अंदर खिड़की पर लटके मिले 2 युवतियों के शव, मची सनसनी

ABC News:शताब्दीनगर, पनकी के एक अपार्टमेंट में फ्लैट के अंदर दो युवतियों के शव फांसी पर लटके होने से हड़कंप मच गया. अभी तक दोनों युवतियों की शिनाख्त नहीं हो पायी हैं. जिस फ्लैट में दोनों युवतियों ने फांसी लगाई, यह एक बीएसएफ जवान का बताया जा रहा है. हत्या और आत्महत्या की बिंदु पर पड़ताल कर रही पुलिस की उम्मीद दोनों के मोबाइल फोन और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी है. इस घटना से आसपास के लोग दहशत में हैं.
पनकी के शिवालिक अपार्टमेंट के ब्लॉक सी स्थित फ्लैट में तेज दुर्गंध आ रही थी. इस पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पनकी पुलिस ने जब यहां पहुंची तो यहां कई फ्लैट बंद पड़े थे. एक-एक कर सभी फ्लैट की जांच की गई तो फ्लैट नंबर 3/14 अंदर से बंद था. इस पर पुलिस ने जब किसी तरह इसका दरवाजा खुलवाया तो अंदर का नजारा देखकर लोगों की आंखें खुली की खुली रह गईं. तेज बदबू से यहां खड़ा होने मुश्किल हो गया तो लोग दूर भाग गए.
इन दोनों युवतियों के शव फ्लैट की खिड़की पर बने फंदे में मिले. हालांकि, जिस तरह से फ्लैट की खिड़की और जमीन के बीच दूरी है, ऐसे में आत्महत्या को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. दोनो शव बुरी तरह से सड़ जाने की वजह से उनकी पहचान तक नहीं हो पायी. पुलिस ने शिनाख्त कराने के प्रयास किये लेकिन सफलता नहीं मिल पायी. पनकी थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि फ्लैट बीएसएफ जवान का था. दोनो युवतियां 12 मार्च को यहां पर किराए पर रहने आयी हुई थीं. उनकी उम्र करीब 28 से 30 वर्ष के आसपास होने का अनुमान जताया गया.
मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी जांच की. पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड को भी बुलाया लेकिन कोई सुराग नहीं लगा. एसपी पश्चिम आदि भी मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से जानकारी हासिल की. इस बीच जांच में एक तथ्य प्रकाश में आया कि दोनों युवतियां स्थानीय ही थीं. एसपी पश्चिम का कहना है कि दोनों युवतियों की शिनाख्त करने के प्रयास किये जा रहे हैं. हर तथ्य को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है. दोनों युवतियों को कई दिनों से घर के बाहर किसी ने नहीं देखा था.
पुलिस को मौके से दो मोबाइल भी मिले हैं. पुलिस ने फ्लैट को सील कर दिया है. मोबाइल के जरिए पुलिस अब इस घटना का खुलासा करने की उम्मीद लगाए हैं. वहीं, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को लेकर पुलिस का कहना है कि इससे हत्या और आत्महत्या के बिंदुओं की पड़ताल होगी. बहरहाल, यह घटना फिलहाल एक पहेली बनी हुई है. क्योंकि अगर दोनो युवतियां स्थानीय हैं तो फिर अलग से फ्लैट में क्यों रह रही थीं. यही नहीं, दोनों युवतियों के अपने घरों से गायब रहने के बावजूद परिजनों ने पुलिस को जानकारी क्यों नहीं दी. इन सब बातों को लेकर पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद काफी कुछ स्थितियां ​स्पष्ट हो सकती हैं.

No comments