Breaking News

भाई को किया फोन और बोला- मेरे लिए तू मत रोना, मैं नहर में कूद रहा हूं..

यमुनानगर. यमुनानगर में एक 25 वर्षीय युवक ने नहर में छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया। उसने मरने से पहले अपने भाई के पास फोन किया और कहा कि मेरे लिए रोना मत, मैं नहर में छलांग लगाने जा रहा हूं। इतना कहकर उसने पश्चिम यमुना नहर में छलांग लगा दी। घटना बीते मंगलवार की है। अब शनिवार को उसका शव नहर में तैरता मिला है। युवक सब्जी बेचने का काम करता था और उसका दूसरे सब्जीवाले से मामूली बात पर झगड़ा हुआ था पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और परिजनों के बयान पर कार्रवाई कर रह है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक युवक सोनू जगाधरी की ईसोपुर कॉलोनी का रहने वाला था। वह सब्जी बेचने का काम करता था। उसके साथ ही मोहन नाम का व्यक्ति भी सब्जी की रेहड़ी लगाता था। बीते सोमवार को सोनू और मोहन का किसी मामूली बात पर झगड़ा हो गया था। आरोप है कि मोहन ने सोनू की पिटाई कर दी थी।

मारपीट के बाद मंगलवार को सोनू सुसाइड करने के लिए पश्चिम यमुना नहर पर पहुंच गया। वहां जाकर उसने अपने भाई के पास फोन किया और बोला कि मेरे लिए रोना मत, मैं सुसाइड करने जा रहा हूं। उसके भाई ने काफी देर बातों में उलझाकर रखा और वापिस बुलाने के लिए कहा लेकिन सोनू नहीं माना। उसने बातचीत के दौरान कुछ लोगों के नाम भी लिए।

बात-बातों में जब तक उसका भाई व अन्य लोग पश्चिम यमुना नहर पर पहुंचे, तब तक सोनू ने छलांग लगा दी थी। उन्होंने बचाने का प्रयास किया लेकिन बचा नहीं पाए। सोनू का शव भी नहीं मिला। उसी दिन से परिजन तलाश कर रहे थे। शनिवार को यमुनानगर के कैनाल रेस्ट हाउस के पास सोनू का शव किनारे पर मिला।

पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल पहुंचा दिया। जहां सोनू के परिजनों ने उसकी पहचान की। जगाधरी थाना पुलिस के एसएचओ दिनेश कुमार का कहना है कि वे जांच कर रहे हैं। मृतक के परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं, बयान दर्ज होने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

No comments