Breaking News

दुकान में घुसते चोर के साथ दर्दनाक हादसा, वेंटिलेटर से लटकता मिला आधा शरीर

बिहार के कटिहार जिले में बीते शुक्रवार की रात एक चोर की मौत दुकान में घुसते समय हो गई। युवक कॉस्मेटिक की दुकान में चोरी करने के लिए वेंटिलेटर के रास्ते घुस रहा था। उसकी मौत का पता शनिवार सुबह चला। घटना नगर थाना क्षेत्र के हरीगंज चौक की है।

दुकानदार सुबह करीब आठ बजे दुकान खोलने पहुंचा। शटर खोलते समय उसने देखा कि वेंटिलेटर से किसी का आधा शरीर बाहर निकला हुआ है। उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। लोग जुटे और सीढ़ी लगाकर वेंटिलेटर के पास पहुंचे। लोगों ने देखा कि दुकान में घुसने की कोशिश में चोर की मौत हो चुकी है और शव लटका है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस आई तब तक मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी कोशिश के बाद शव को वेंटिलेटर से निकाला। चोर की मौत कैसे हुई यह स्पष्ट रूप से पता नहीं चला है। वेंटिलेटर के पास बिजली के तार हैं, जिससे कयास लगाया जा रहा है कि चोर की मौत करंट लगने से हुई होगी।

दुकान में रखे पैसे और सामान सुरक्षित मिले हैं। पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है।

No comments