Breaking News

'मेरे लिए रोना मत, मैं नहर में कूद रहा हूं', भाई को फोन कर सब्जी विक्रेता ने की खुदकुशी, 5वें दिन मिली लाश

हरियाणा के यमुनानगर में एक 25 वर्षीय युवक की लाश आज पश्चिम यमुना नहर से बरामद हुई। उसकी पहचान सोनू जगाधरी निवासी ईसोपुर कॉलोनी के रूप में हुई। नहर के पास से ही सोनू ने मंगलवार को अपने भाई के पास फोन किया था। कॉल पर उसने कहा था कि, ''मेरे लिए रोना मत, मैं सुसाइड करने जा रहा हूं।' उसके भाई ने काफी देर बातों में उलझाकर रखा और वापस बुलाने के लिए कहा,लेकिन सोनू नहीं माना। उसने नहर में छलांग लगा दी।

Yamuna Nagar Suicide Case

कॉल पर सोनू की आवाज आनी बंद हो गई, तो भाई चिंतित हो उठा और अपने अन्य परिजनों को बताया। जिसके बाद घर वाले यमुना नहर के पास पहुंचे। उन्होंने सोनू को बचाने का प्रयास किया, लेकिन बचा नहीं पाए। सोनू की लाश भी नहीं मिल पाई। परिजन उसे खोजते रहे। आज यानी, शनिवार को यमुनानगर के कैनाल रेस्ट हाउस के पास सोनू की लाश किनारे पर पड़ी मिली। पुलिस ने उस लाश को सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां सोनू के परिजनों ने उसकी पहचान की।

इस मामले पर जगाधरी थाना पुलिस के एसएचओ दिनेश कुमार ने कहा कि, पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। मृतक के परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं, उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों का आरोप है कि, दूसरे सब्जी वाले ने सोनू की पिटाई की थी, जिससे आहत होकर सोनू ने सुसाइड किया। सोनू के भाई ने कहा कि, जब सोनू से फोन पर बात हुई तो मैंने उसे बहुत मना किया कि वो नहर में न कूदे। मगर, उसने छलांग दी। वह बहुत परेशान था। उसने बातचीत के दौरान कुछ लोगों के नाम भी लिए थे। बता दें कि, सोनू सब्जी बेचने का काम करता था और उसका दूसरे सब्जीवाले से मामूली बात पर झगड़ा हुआ था।

No comments