जज्बे को सलाम: एएसआई का निहंग सिखों ने काटा हाथ, स्कूटी से कटे हाथ को लेकर पहुंचे अस्पताल
पंजाब के पटियाला में कर्फ्यू के दौरान ड्यूटी पर तैनात एएसआई हरजीत सिंह पर रविवार को निहंग सिखों के एक दल ने हमला किया और उनका हाथ काट दिया।
चंडीगढ़। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते देशभर में 21 दिनों का लॉकडाउन CHAL रहा है। जिसका पालन कराने के लिए पुलिस और अन्य अफसर दिन रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इसी बीच पजाब से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, पंजाब के पटियाला में कर्फ्यू के दौरान ड्यूटी पर तैनात एएसआई हरजीत सिंह पर रविवार को निहंग सिखों के एक दल ने हमला किया और उनका हाथ काट दिया। अलसुबह पटियाला की सड़कों पर हुए इस वाकये से वहां तैनात पुलिसकर्मियों के हौसले कमजोर होते, उससे पहले तो हरजीत सिंह कटे हाथ को लेकर खुद स्कूटी से अस्पताल पहुंच गए।
दरअसल, पंजाब के पटियाला में निहंग सिखों के हमले में घायल एएसआई हरजीत सिंह ने अपने फर्ज को पूरा करने की खातिर जान की बाजी लगा दी। बताया जा रहा है कि हरजीत सुबह पटियाला शहर में लॉकडाउन के लिए ड्यूटी पर तैनात थे। शहर शांत था, लेकिन इसी बीच एक वाहन में सवार कुछ लोग बैरिकेडिंग के पास पहुंच गए। हरजीत की टीम ने वाहन सवार से पास मांगा। जिसके बाद शुरू हुए विवाद में ही निहंग सिखों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों पर हमला किया।
इस दौरान कुछ लोगों ने तलवार से हरजीत सिंह का एक हाथ काट दिया। घटना में लहूलुहान हुए हरजीत खुद अपनी जिंदगी बचाने के लिए कटा हाथ लेकर स्कूटी से ही इलाज कराने अस्पताल चले गए। हालांकि बाद में हरजीत को एक ऐम्बुलेंस से चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचे हरजीत ने जब चिकित्सकों को अपने कटे हाथ और कुछ घंटे पहले की स्थितियां बताई तो सबके होश उड़ गए। आनन-फानन में चिकित्सकों ने तत्काल हरजीत की सर्जरी का काम शुरू कराया और फिर परिजनों को भी उनकी सेहत की जानकारी दी गई।
अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस टीम पर तलवारों से हमला करने वाले लोग नजदीक के ही एक स्थानीय गुरुद्वारे में जा छुपे थे। ऐसे में पंजाब पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के कमांडो को भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों को पकड़ने के लिए गुरुद्वारे में प्रवेश करते समय पुलिस ने सिख मर्यादाओं का पूरी तरह पालन किया। ताजा जानकारी के मुताबिक तीन हमलावरों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दे, यह पूरा ऑपरेशन आईजी पटियाला जोन जतिंदर सिंह औलख की देखरेख में चल रहा है। वहीं दूसरी ओर घायल एएसआई हरजीत सिंह की प्लास्टिक सर्जरी शुरू कर दी गई है और आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास के तहत केस दर्ज किया गया है।



No comments