Breaking News

जब मियां बीवी राजी तो कौन पूछे शुभ मुहूर्त, माता-पिता की सहमति, जानिए पूरा मामला

पूर्वी चंपारण, जेएनएन। जब मियां बीवी राजी हो तो फिर किसी और से पूछने की क्या जरूरत? जिले के तुरकौलिया में कुछ ऐसा ही हुआ। माधोपुर निवासी स्व. विश्वनाथ पंड़ित की पुत्री प्रमिला की शादी हरसिद्धि के मठलोहियार अहिरटोली निवासी सुखदेव पंड़ित के पुत्र कन्हैया कुमार से होनी थी। लेकिन, कन्हैया के बड़े भाई की शादी अभी नहीं हुई थी। इस वजह से दोनों की शादी में देरी हो रही थी।

इस बीच कन्हैया परिजनों को सूचना दिए बगैर रात के अंधेरे में अपनी मंगेतर से मिलने पहुंच गया। लड़की के स्वजन कुछ समझ पाते इसके पहले ही इसकी भनक पड़ोसियों को लग गई। इसके बाद क्या था। सभी ग्रामीण एकजुट हो गए और वस्तुस्थिति की जानकारी ली। तदोपरांत ग्रामीणों ने इन युवाओं की शादी करने का निश्चय किया। इस बीच किसी ने मुहूर्त और माता-पिता से सहमति लेने की बात कही तो भीड़ से आवाज आई, जब मियां बीवी राजी...।

रविवार की रात बिना लगन व तामझाम के ही माधोपुर मठ स्थित रामजानकी मंदिर में वैदिक रीति-रिवाज के बीच दोनों का विवाह करा दिया गया। इस विवाह का पूरा खर्च स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि डॉ. आलेक रंजन ने उठाई। विवाह के गवाह बने मठाधीश भागवत दास, मुखिया मंजूषा कुमारी, सरपंच प्रतिनिधि असगर अली व गांव के अन्य संभ्रांत लोग। सभी ने नई जोड़ी को आशीर्वाद देकर सोमवार की सुबह विदा कर दिया।

    मुखिया प्रतिनिधि डॉ. आलोक रंजन ने बताया कि माधोपुर निवासी स्व. विश्वनाथ पंड़ित की पुत्री प्रमिला का विवाह हरसिद्धि के मठलोहियार अहिरटोली निवासी सुखदेव पंड़ित के पुत्र कन्हैया कुमार से होनी थी। कन्हैया के बड़े भाई का विवाह अभी नहीं हुआ है, इस कारण यह शादी अगले वर्ष होनी थी। कन्हैया के माता-पिता व भाई दिल्ली में काम करते है। विगत सप्ताह उसके माता-पिता दिल्ली से आए हैं। वे वर्तमान में मठलोहियार स्थित क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे हैं। इसकी परवाह ना करते कन्हैया अपनी होने वाली पत्नी से मोबाइल पर बात कर उससे मिलने माधोपुर पहुंच गया। यहां आने की सूचना व स्थिति के बारे में उसके परिजनों को बताया गया। सूचना पर पहुंचे उसके चाचा व गांव के अन्य लोगों की सहमति के बाद दोनों का विवाह करा दिया गया। चट मंगनी पट विवाह को देखने के लिए ऐतिहासिक माधोपुर मठ परिसर में रविवार की रात्रि स्थानीय लोगों की भारी भीड़ रही। 

No comments