बिहार: तालाब को होती थी इस पोस्ट ऑफिस में आने वाले दस्तावेजों की डिलीवरी! जानें क्या है मामला

नालंदा. सिलाव थाना क्षेत्र के विंडीडीह गांव के जलाया पोखर में ग्रामीणों को मछली पकड़ने के दौरान दो बोरे में बंद भारी मात्रा में आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक (Aadhar card, ATM card, bank passbook) सहित कई दस्तावेज मिला है. बताया जा रहा है कि ये सभी चीजें पोस्टऑफिस के माध्यम से लोगों मिलनी थीं, लेकिन ये तालाब में फेंक दी गई थी. मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को गांव के जलाया पोखरा में गांव के कुछ ग्रामीण मछली मारने गये थे. उसी दौरान एक दो आधार कार्ड पानी की सतह पर दिखे. जिसके बाद मछली पकड़ने के दौरान पानी के अंदर कीचड़ से दो बोरा भी बरामद हुआ. खोलने पर उससे हजारों की संख्या में आधार कार्ड, शॉपिंग कार्ड, एलआईसी पेपर व एटीएम कार्ड आदि दस्तावेज मिले.
बता दें कि इस तालाब में भारी मात्रा में कागजात मिलने की खबर मिलते ही लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गयी. जब पूरा बोरा खोला गया तो विंडीडीह पोस्टऑफिस के अलग-अलग गांव के लोगों के दस्तावेज पाये गये. इनमें 2015 से लेकर 2018 तक बनाया गए करीब डेढ़ हजार की संख्या में आधार कार्ड थे. इनमें कुछ विंडीडीह गांव के लोगों के दस्तावेज भी शामिल हैं. कुछ लोग जो उस जगह मौजूद थे अपने दस्तावेज स्वयं ही ले लिए, लेकिन बड़ी संख्या में दस्तावेज को लोगों ने एक ग्रामीण के पास सुरक्षित रख दिया.
पोस्टमैन ने ग्रामीणों के समक्ष स्वीकारा किया गुनाह
हालांकि जैसे ही विंडीडीह के पोस्टमैन रामाश्रय सिंह को इस बात की भनक लगी आनन-फानन में वे वहां पहुंचे और दस्तावेज समेटने लगे. इधर ग्रामीणों ने बताया कि इस पोस्ट ऑफिस के माध्यम से आने वाले दस्तावेज लोगों को नही मिलते हैं. जब भी पूछते हैं तो पोस्टमैन सीधा-सीधा जवाब देता है कि कुछ भी नहीं आया है. आज जब ये बात सामने आयी है तो ग्रामीणों के समक्ष पोस्टमैन ने स्वीकार किया है कि मैंने ही उसे इस पोखर में डाला था.
विभागीय अधिकारी ने कहा दोषी पर होगी कड़ी कार्रवाई
इस संदर्भ में विभाग के एएसपी नवादा डी के धीरज ने बताया कि मुझे भी इस बात की जानकारी मिली है कि पोखरा में कई दस्तावेज को बोरा में फेंके पाए गए हैं. उन्होंने बताया कि विभाग के द्वारा जांच की जाएगी और जो लोग भी इस कार्य के लिये दोषी होंगे उनपर बहुत जल्द ही जांचोपरांत कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
No comments