Breaking News

भिवानी: नकली पिस्तौल दिखाकर महिला ने पुलिस पर झाड़ा रौब, मांगा ID कार्ड


महिला ने पुलिस को दिखाई नकली पिस्तौल
भिवानी. जिले में एक महिला ने कमर पर पिस्टल डाले हांसी चौक पर न केवल जमकर हंगामा बरपाया बल्कि थाना प्रभारी व मीडिया कर्मियों से भी उलझती देखी गई. पुलिस (Police) दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग (Social Distancing) का पाठ पढ़ा रही थी तभी वहां चश्मों की दुकान पर एक महिला के पास पिस्टल होने की जानकारी मिली. इस पर थाना प्रभारी रविंद्र अपनी टीम के साथ पहुंचे. युवती से पूछताछ की गई तो युवती ने खुद को क्राइम ब्रांच (Crime Branch) से बताया और कहा कि बड़े-बड़े एसपी उसके अंडर आते हैं. यह कहकर वो अपनी स्कूटी पर सवार होकर जाने लगी तो पुलिस ने कथित पिस्टल कब्जे में ली.

पुलिस ने आरोपी महिला को जब पूछताछ के लिए थाने चलने को कहा तो उसने थाना प्रभारी से ही उनका पहचान पत्र दिखाने को कहा. बाद में जैसे तैसे पुलिस  युवती को थाना शहर ले कर गई. जहां गहन पूछताछ की गई. पूछताछ के बाद आरोपी महिला ने बताया कि वह जिले नजदीकी गांव की रहने वाली है तथा उसके बेटे का जन्मदिन था. ये पिस्टल उसने उसी के लिए ली थी.

रौब जमाने के लिए लटकाई थी पिस्टल

युवती ने जो पिस्टल ली हुई थी वह खिलौना पिस्टल थी, जिससे बच्चे खेलते है. महिला ने उसे केवल पुलिस पर रौब दिखाने के लिए लटकाया हुआ था. महिला शुरू में तो अपना नाम पता तक बताने को तैयार नहीं हुई.  पुलिस पूछताछ में पता चला है कि वह इंस्पेक्टर नहीं है. वह चंड़ीगढ़ से कानूनी पढ़ाई कर रही है.

खुद को बताया मानसिक रूप से परेशान

थाना एसएचओ रविंद्र कुमार ने बताया कि युवती से बरामद हुई पिस्टल भी खिलौना पिस्तौल है. पूछताछ में सामने आया कि महिला मानसिक रूप से परेशान है और बिना सोचे समझे कुछ भी बोल देती है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद महिला पर कार्रवाई की जाएगी.

No comments