गोली कांड में हुआ कई प्रकार के हथियारों का इस्तेमाल

आरा। टाउन थाना क्षेत्र के इब्राहिमनगर, धरहरा गोली कांड में जमकर अवैध हथियारों का प्रदर्शन किया गया हैं। हालांकि, अभी तक एक भी अवैध हथियार पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। गोली कांड का वीडियो अब तेजी से सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक रायफल, दो पिस्टल व एक देसी पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिग करते देखा जा रहा है। खेत के रास्ते से पांच-छह लोग दौड़ते हुए नजर आ रहे हैं। इनमें एक के हाथ में रायफल और दो के हाथ में पिस्टल नजर आ रहा है। तीनों बेधड़क बिना किसी डर भय के फायरिग कर शासन-प्रशासन को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। इधर, बुधवार को पुलिस ने गोलीकांड के मामले में एक पक्ष से महिला वार्ड सदस्य चुनमुन देवी के पति सीताराम राम यादव और दूसरे पक्ष से कामता महतो को जेल भेजा दिया। जबकि, अन्य की तलाश जारी है। इस मामले में दोंनो पक्षों द्वारा एक-दूसरे पक्ष के विरोध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस को मौके से नाइन एमएम पिस्टल का दो खोखा ही केवल हाथ लग सका है। थानाध्यक्ष जन्मेजय राय के अनुसार रात में भी छापेमारी हुई थी। लेकिन, कोई हाथ नहीं लग सका।
------
पूर्व वार्ड पार्षद पर उकसाने और बेटे पर गोली चलाने का आरोप
इधर, इब्राहिमनगर, धरहरा में गोली से घायल विकास कुमार ने टाउन थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में महिला वार्ड सदस्य चुनमुन देवी के पति और पूर्व वार्ड सदस्य सीताराम यादव पर उकसाने और पार्षद पुत्र हरेराम यादव पर जान मारने की नीयत से दो-दो बार फायरिग किए जाने का गंभीर आरोप लगाया गया है। हालांकि, दर्ज प्राथमिकी में सीताराम यादव व हरेराम यादव के अलावा श्रीराम यादव, रामबाबू यादव, शत्रुघ्न यादव व अभिषेक यादव समेत आधा दर्जन को नामजद और 10-15 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। इसमें पुलिस ने मुख्य आरोपी सीताराम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, दूसरे मुख्य आरोपी हरेराम यादव समेत अन्य की तलाश जारी है। ।
-----
दूसरे पक्ष ने प्याज उखाड़ने का आरोप लगाकर मारपीट और फायरिग करने का आरोप लगाया
शहर के इब्राहिमनगर कांड में दूसरे पक्ष से मंटू यादव ने केस दर्ज कराया हैं। जिसमें कामता महतो, उमेश कुमार, रमेश कुमार, प्रकाश कुमार, करिया और भूखन महतो को नामजद आरोपी बनाया है। दर्ज प्राथमिकी में मंटू यादव ने आरोप लगाया है कि जब वह खेत से लौट रहा था तो आरोपियों ने रास्ते में घेर लिया। इसके बाद लाठी-डंडा और राड से पिटाई की गई । बाद में देसी पिस्तौल से ताबड़तोड़ तीन-चार राउंड फायरिग किए जाने का आरोप लगाया गया है। जिसके आधार पर पुलिस ने एक आरोपी कामता महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
No comments