Breaking News

बांद्रा में मजदूरों के एकत्रित होने का मामला: टीवी पत्रकार गिरफ्तार, गलत ख़बर चलाने का आरोप


बांद्रा में एक दिन पहले मजदूर एकत्रित हो गए थे.
नई दिल्ली: मुंबई के बांद्रा स्टेशन के बाहर एकत्रित हुई मजदूरों की भीड़ के मामले सख्ती बरती जा रही है. घटना के बाद आज एक टीवी पत्रकार राहुल कुलकर्णी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. एक बड़े टीवी चैनल के पत्रकार राहुल कुलकर्णी को अरेस्ट भी कर लिया गया है. टीवी पत्रकार पर आरोप है कि उसने 14 अप्रैल से ट्रेन सेवाएं शुरू होने की खबर चलाई थी. इससे अफवाह फैली और बांद्रा स्टेशन के बाहर हज़ारों लोग एकत्रित हो गए. कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन के बीच इस तरह भीड़ एकत्रित होने पर हड़कंप मच गया था..
मुंबई पुलिस के ज़ोन-9 के डीसीपी अभिषेक त्रिमुख ने बताया कि पत्रकार राहुल कुलकर्णी पर मुकदमा दर्ज हुआ है. पत्रकार को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा. बता दें कि एक दिन पहले हुई इस घटना के बाद अफवाह फैलाने के मामले में विनय दुबे नाम के शख्स को अरेस्ट किया गया है. उस पर आरोप है कि वह मजदूरों को घर भेजने का अभियान चला रहा था. उसका कहना था कि मजदूरों को उनके घरों को भेजा जाना चाहिए..
इस पर सियासत भी खूब हुई. घटना के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने फ़ोन पर उद्धव ठाकरे से कहा था कि ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए. इससे हालात बिगड़ सकते हैं. कोरोना के चलते सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं होगा तो मुश्किल होगी. इसके बाद उद्धव ने मजदूरों से कहा कि वह किसी भी चीज़ के लिए परेशान न हों, उन्हें कोई तकलीफ नहीं होगी. वहीं इस पूरे मामले में महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया. और कहा कि ऐसे हालात केंद्र की लापरवाही के कारण हो रहे हैं..
बता दें कि मजदूरों का कहना था कि वह बेहद परेशान हैं. उन्हें ठीक से खाना नहीं मिल रहा है. उनके पास रुपए नहीं हैं और काम भी छिन चुका है. सिर्फ बांद्रा ही नहीं सूरत और आज दिल्ली में भी मजदूर एकत्रित हो गए. मजदूर घर भेजे जाने की मांग कर रहे हैं..

No comments